ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
श्री राम मंदिर समिति की ओर से हर साल आयोजित होने वाली श्री जगन्नाथ रथ यात्रा 14 जुलाई को समारोहपूर्वक निकाली जाएगी। शोभायात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रथ खींच कर करेंगे। यह जानकारी समिति के संरक्षक पंडित सुबास चंद्र शतपथी ने बृहस्पतिवार को प्रेस क्ल्ब में पत्रकारों को दी।
पंडित सुबास चंद्र शतपथी ने बताया कि शोभायात्रा का शुभांरभ बल्लुपुर, दीपलोक कॉलोनी स्थित राम मंदिर में गाजे बाजे के साथ किया जाएगा। यहां आरती के बाद यात्रा का शुभारंभ मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत रथ को खींच कर करेंगे। इसके बाद यात्रा किशननगर चौक होते हुए ननिहाल राधा कृष्ण मंदिर पहुंचेगी। जहां महिला मंडली शोभायात्रा का भव्य स्वागत करेगी। इसके बाद यात्रा बिंदाल पुल, सैय्यद मौहल्ला, कनॉट प्लेस, घंटाघर, पल्टन बाजार, कोतवाली, धामावाला, हनुमान चौक, शाकुंभरी मंदिर, सांई मंदिर, तुलसी प्रतिष्ठान, तिलक रोड होते हुए श्री राम मंदिर दीपलोक पहुंचेगी। यात्रा के वापस लौटने पर भव्य आरती होगी। समिति के पदाधिकारियों ने सभी लोगों से शोभायात्रा में शामिल होने का आग्रह किया है।