ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
जनक्रांति विकास मोर्चा ने रविवार को निजी स्कूलों और अस्पतालों में लोगों से लूट का आरोप लगाते हुए एस्लेहॉल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
जनक्रांति विकास मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष अमित जैन ने कहा कि शिक्षा, चिकित्सा क्षेत्र के निजी स्कूलों और चिकित्सालयों में खुलेआम वसूली हो रही है। इसके चलते आम आदमी को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसी समस्या के प्रति सरकार का ध्यान आकृष्ट करने के लिए रविवार को एस्लेहॉल पर प्रदर्शन किया गया। इस बाबत मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी एसए मुरुगेशन को सौंपा गया। ज्ञापन में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों तथा स्टाफ नर्सों की नियुक्ति करने, निजी अस्पतालों में जांचों की फीस निर्धारित करने समेत नौ सूत्री मांगें शामिल हैं। जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में शिव स्वरूप चौहान, सोम प्रकाश मैठानी, अजय चंदेल, जोगेंद्र अरोड़ा, जगदीश चौहान, धीरेंद्र चंदेल, गीता राम ध्यानी, दिनेश कुमार, सुशील सैनी, विराट गुप्ता, प्रवीन तायल, जगमोहन रावत, पीडी गुप्ता आदि मौजूद रहे।