रूसा के तहत एसजीआरआर को मिलेंगे दो करोड़
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के तहत श्री गुरु राम राय महाविद्यालय (एसजीआरआर) को दो करोड़ रुपये मिलेंगे। शुक्रवार को उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने दरबार साहिब के सज्जदानशीं श्री महंत देवेंद्र दास महाराज से मुलाकात कर इसकी जानकारी दी। इस दौरान महाराज ने कहा कि इस अनुदान के जरिये कॉलेज की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ ही लैब व अनुसंधान कार्यों को बेहतर किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि एसजीआरआर पीजी कॉलेज नैक की ओर से प्रमाणित प्रदेश का पहला विवि है, जिसके सभी कॉलेजों में ए ग्रेड में सबसे ज्यादा अंक हैं। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में कंपोनेंट-9 के अंतर्गत महाविद्यालय की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने को लेकर 2 करोड़ रुपये की ग्रांट जारी करने की योजना रहती है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने देश के 34 कॉलेजों का चयन कॉलेज विद द पोटेंशियल फॉर एक्सीलेंस (सीपीई) का विशिष्ट दर्जा दिया है।
प्रदेश से एसजीआरआर पीजी कॉलेज एकमात्र महाविद्यालय है, जिसे विवि अनुदान आयोग ने सीपीई का दर्जा दिया है। इसके अलावा एसजीआरआर पीजी कॉलेज से तीन सह प्राध्यापकों को प्रोफेसर पद के लिए चयनित किया गया है। जिनमें डॉ. दिनेश सिंह, डॉ. अतुल कुमार गुप्ता व डॉ. यूसी मैनाली शामिल हैं। श्री महंत देवेंद्र दास जी महाराज ने कॉलेज के प्राचार्य, सह प्राध्यापकों, फैकल्टी सदस्यों व स्टाफ को बधाई दी है।