ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत निजी स्कूल गलत जानकारी दे रहे हैं। इस तरह की शिकायतें सामने आने पर जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) हेमलता भट्ट ने उपशिक्षा अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर आंकड़े सुधारने के निर्देश दिए हैं।
आरटीई के तहत इस वर्ष ऑनलाइन एडमिशन होने हैं। इसके लिए सभी निजी स्कूलों को अपनी सीटों की संख्या, पता समेत अन्य जानकारियां वेबसाइट पर अपलोड करनी थी। जिला शिक्षाधिकारी कार्यालय के अनुसार, कुल 601 स्कूलों ने वेबसाइट पर पंजीकरण कर अपनी जानकारियां अपलोड कीं, लेकिन इसमें कई स्कूलों की जानकारियां गलत होने की सूचना मिली है। कुछ स्कूलों ने आरटीई के तहत दी जाने वाली सीटों की संख्या गलत बताई तो किसी का पता ही गलत है। उप शिक्षा अधिकारियों और नगर शिक्षाधिकारी ने बिना वेरिफिकेशन के इसका अनुमोदन भी कर दिया।
जब अभिभावकों ने विद्यालयों में प्रवेश के लिए आवेदन किया तो इस गड़बड़ी का पता चला। इसके चलते कई बच्चों को नजदीकी स्कूलों में प्रवेश नहीं मिल पा रहा है। ऑनलाइन एडमिशन का काम देख रही इंडस एक्शन संस्था ने इसकी शिकायत की तो डीईओ बेसिक हेमलता भट्ट ने उपशिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का निरीक्षण करने और गलतियों को सुधारने के निर्देश दिए हैं।
--
कक्षा-सीटें
लोअर प्राइमरी-1016
कक्षा एक -4229
कुल आवेदन-4260