ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
सचिवालय क्रिकेट क्लब की ओर से आयोजित अंतर विभागीय क्रिकेट प्रतियोगिता में मीडिया इलेवन ने दूसरी जीत दर्ज कर सेमिफाइनल में जगह पक्की कर ली। मीडिया इलेवन ने सोबन सिंह गुसांई और ठाकुर सिंह नेगी की दमदार पारी की बदौलत सचिवालय ए की टीम को 33 रनों से शिकस्त दी। वहीं, एक अन्य मुकाबले में सीएम आवास की टीम ने सुपर ओवर में सचिवालय डेंजर्स की टीम को हराया।
स्पोर्ट्स कॉलेज के मैदान पर सोमवार को पहला मुकाबला मीडिया इलेवन और सचिवालय ए के बीच खेला गया। मीडिया इलेवन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में नौ विकेट पर 151 रन बनाए। सोबन सिंह गुसांई ने 35 और ठाकुर सिंह नेगी ने 31 रनों की तेजतर्रार पारी खेली। जबकि संजय घिल्डियाल ने 24, प्रवीण बहुगुणा ने 12 और अंकित सिंह ने 8 रनों का योगदान दिया। सचिवालय ए की ओर से दीपक जोशी ने 3, टीपी रावत ने 2 और सौरभ, नरेंद्र बसेडा अनिल ने 1-1 विकेट चटकाए। जवाब में खेलने उतरी सचिवालय ए की टीम निर्धारित ओवर में चार विकेट खोकर 118 रन ही बना सकी और 33 रन से मैच हार गई। दीपक जोशी ने नाबाद 34, अनिल ने 17, सौरभ ने 13, नरेंद्र बसेडा ने 16 रनों की पारी खेली। मीडिया इलेवन के नवीन थलेड़ी ने 2, कप्तान संजय घिल्डियाल और अभिषेक मिश्रा ने एक-एक विकेट लिया। सोबन सिंह गुसांई को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच सचिवालय डेंजर्स और सीएम आवास की टीम के बीच खेला गया। सचिवालय डेंजर्स ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 136 रन बनाए। वीरेंद्र रावत ने 37 और जितेंद्र ने 28 रन बनाए। जवाब में सीएम आवास ने आठ विकेट पर 90 रन बनाए। इस दौरान बारिश और आंधी के चलते मैच रोकना पड़ा। दोनों कप्तानों और अंपायरों की सहमति से सुपर ओवर हुआ। जिसमें सीएम आवास ने जीत दर्ज की।