फैशन शो में दिखी पहाड़ की संस्कृति
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में शनिवार को आयोजित तीसरे वार्षिक फैशन शो में पहाड़ की संस्कृति दिखी। ग्राफिक एरा के नॉर्थ ईस्ट कार्निवल में दून पीजी कॉलेज की किम त्यू अव्वल रहीं।
डिपार्टमेंट ऑफ फैशन डिजाइन की ओर से आयोजित फैशन शो का शुभारंभ ग्राफिक एरा ग्रुप के अध्यक्ष डॉ. कमल घनशाला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। फैशन शो के पहले राउंड में नागालैंड की संस्कृति के परिधानों को मॉडल्स ने नए अंदाज में पेश किया। इस राउंड में सीपियों, मनकों और ट्राईबल पैटर्न के जरिये तैयार सुंदर परिधानों का प्रदर्शन किया।
दूसरे राउंड एल्यूरियंस में असम, तीसरे राउंड में हिमाचल, चौथे राउंड में फैशन शो के जरिये उत्तराखंड की संस्कृति का प्रदर्शन किया गया। फैशन शो में यूनिवर्सिटी के 21 छात्र-छात्राओं ने रैंप पर कैटवॉक किया।
कुलपति डॉ. संजय जसोला, कार्यक्रम संयोजक डिपार्टमेंट ऑफ फैशन डिजाइन की एचओडी डॉ. ज्योति छाबड़ा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन साहिब सबलोक ने किया। इससे पहले नॉर्थ ईस्ट कार्निवल में विभिन्न विवि और कालेजों के छात्र-छात्राओं ने नॉर्थ ईस्ट की संस्कृति का प्रदर्शन किया। कार्निवल में दून पीजी कॉलेज की किम त्यू ने प्रथम, इसी कॉलेज के वाइल्ड ड्राफ्ट बैंड ने दूसरा पुरस्कार जीता।
उत्तरांचल कॉलेज की श्रष्टी भीतरीकोटि तीसरे स्थान पर रहीं। कार्निवल के दौरान ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी के मैदान में नॉर्थ ईस्ट के व्यंजनों के स्टाल लगाए गए। जिसमें देर शाम तक भीड़ लगी रही। इस दौरान उद्योग जगत के कई लोग पहुंचे। जिसमें एनएचडीसीए नई दिल्ली के प्रमुख सलाहकार राजेश जैन, टैक्सटाइल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के प्रेसीडेंट विकास भार्गव, रिटेलर एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सीईओ कुमार राजगोपालन, वूलमार्क की कंट्री मैनेजर आरती गुदाल, अमेजॉन प्राइवेट लेबल की सीनियर कैटेगिरी मैनेजर जिगिसा ग्रोवर, कैटब्रो कारपोरेट के सीईओ शुभम कटारिया आदि शामिल थे।