ब्यूरो/ अमर उजाला, देहरादून
उत्तराखंड आयुर्वेद विश्वविद्यालय की असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में 397 अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित हुई। इस बार विवि ने परीक्षा को विवादों से बचाने के लिए पूरी तैयारी की थी। पेपर देने वाले अभ्यर्थी परीक्षा से संतुष्ट नजर आए।
रविवार को एसजीआरआर पब्लिक स्कूल रेसकोर्स में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए 553 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 397 ने परीक्षा दी। यह परीक्षा 13 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 53 पदों के लिए आयोजित की गई। देर रात आयुर्वेद विवि ने परीक्षा की आंसर की जारी कर दी। अब इस पर आपत्ति जताई जा सकती है। विवि के कुलसचिव प्रो. अनूप कुमार गक्खड़ ने बताया कि प्रोविजनल स्कोर कार्ड भी जारी किया गया है। जिन अभ्यर्थियों को आंसर की पर आपत्ति होगी, वह दर्ज करा सकते हैं। परीक्षा शांतिपूर्ण रही। अभ्यर्थी भी परीक्षा के बाद काफी संतुष्ट नजर आए। आपको बता दें कि इससे पहले चिकित्साधिकारी भर्ती परीक्षा में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान का दस साल पुराना पेपर रिपीट होने को लेकर विवाद पैदा हो गया था। इसमें शासन ने विवि से रिपोर्ट तलब की हुई है। इस विवाद के चलते असिस्टेंट प्रोफेसर की परीक्षा में आयुर्वेद विवि काफी सतर्क नजर आया।