बजरी पर बाइक फिसलने से युवक की मौत
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून।
गांधी रोड पर बाइक फिसलने की एक युवक की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि दीवार से सिर टकराने से उसकी मौत हुई है। उस समय वह हेलमेट नहीं पहने हुए था। खास बात यह है कि शहर में सड़कों के किनारों पर पड़ी बजरी हादसों की वजह बन रही है। जिस पर न पुलिस की नजर और न ही प्रशासन की।
बिजनौर के आलम सराय निवासी अवनीश कुमार (27) सात साल से किराए पर कमरा लेकर एक फार्म हाउस में काम करता था। मंगलवार अलसुबह अवनीश फार्म हाउस से बाइक पर अपने कमरे पर जा रहा था। गांधी रोड पर पड़ी बजरी पर उसकी बाइक फिसल गई। वह बाइक समेत दीवार से टकरा गया। सिर में चोट लगने की वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे 108 एंबुलेंस की मदद से दून अस्पताल पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी अनिल चौहान ने बताया कि दुर्घटना के समय उसने हेलमेट नहीं पहना था। अगर उसने हेलमेट पहना होता तो शायद उसकी जान बच जाती। सुबह एसपी ट्रैफिक लोकेश्वर सिंह ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे के बारे में जानकारी ली।