रुड़की। देहरादून के एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने जा रहे दो शार्प शूटरों को रुड़की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रॉपर्टी डीलर की हत्या करने के बाद दोनों ने हरिद्वार के एक उद्यमी और कुख्यात सुनील राठी के एक मुकदमे में सरकारी गवाह लंढौरा निवासी कल्लू की हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे और दो कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस मुख्यालय ने दोनों शूटरों को दबोचने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये ईनाम देने की घोषणा की है।
एसपी देहात मणिकांत मिश्रा ने मंगलवार को सिविल लाइंस कोतवाली में प्रेसवार्ता कर बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सोमवार रात करीब दस बजे गंगनहर के लालपुल के पास घेराबंदी की। इसी बीच एक बाइक पर आ रहे दो लोगों को चेकिंग के लिए रोका। इस दौरान दोनों कोई कागजात नहीं दिखा पाए। सख्ती से पूछताछ पर दोनों ने अपना नाम मुकीम (निवासी बहादरपुर खादर, लक्सर) और नितिन (निवासी फफूंडा, खरखोदा, मेरठ, यूपी) बताया। इस दौरान दोनों ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर पंकज कुमार (निवासी नेहरू कालोनी, डालानवाला, देहरादून) की हत्या करने जा रहे थे। इसके लिए उन्हें हरिद्वार जेल में बंद देहरादून के गैंगेस्टर जितेंद्र रावत उर्फ जित्ती ने 15 लाख रुपये की सुपारी दी थी। वारदात को अंजाम देने के लिए वह रैकी कर चुके थे। इसके अलावा हरिद्वार जेल में बंद विपिन जैन ने हरिद्वार के एक जैन नाम के उद्यमी और कुख्यात सुनील राठी के एक मामले में सरकारी गवाह लंढौरा निवासी कल्लू की हत्या करने की सुपारी दी थी। प्रॉपर्टी डीलर पंकज की हत्या करने के बाद उन्हें उद्यमी और कल्लू की हत्या करनी थी।
एसपी देहात ने बताया कि दोनों शार्प शूटर हैं। इनके मोबाइल फोन सर्विलांस पर लगाए गए तो उस पर हत्या करने की बात साफ-साफ कही गई है। प्रॉपर्टी डीलर पंकज कुमार की हत्या के लिए दोनों शूटर सोमवार को देहरादून के लिए रवाना होने वाले थे। इस पर कोतवाली सिविल लाइंस प्रभारी साधना त्यागी और एसएसआई हरपाल सिंह ने सहकर्मियों के साथ घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया। एसपी देहात ने बताया प्रॉपर्टी डीलर पंकज कुमार कभी जित्ती का करीबी और साझीदार था। शूटर नितिन सात सितंबर को अलीगढ़ के व्यापारी राजकुमार गुप्ता और राजेंद्र गुप्ता की हत्या करने की साजिश के आरोप में कनखल में गिरफ्तार किया गया था। उस दौरान उनके पास से सहारनपुर से चुराई गई एक बाइक बरामद की गई थी। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने पुलिस टीम को छह हजार और पुलिस मुख्यालय की ओर से पांच हजार रुपये का ईनाम देने की घोषणा की है। प्रेसवार्ता के दौरान सीओ स्वप्न कुमार सिंह और कोतवाली साधना त्यागी आदि मौजूद रहे।
इनसेट
दोनों का आपराधिक इतिहास
रुड़की। शार्प शूटर नितिन के खिलाफ कोतवाली इंचोली, मेरठ, यूपी में हत्या और फिरौती मांगने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा कनखल थाने में दो जानलेवा हमला और गैंगेस्टर आदि की धाराओं समेत कई अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं। दूसरे आरोपी मुकीम के खिलाफ कोतवाली सिविल लाइंस में गुंडा एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज है।
इनसेट
कल्लू पर पहले भी हुआ है हमला
रुड़की। जेल के पास कार बम घटना का शिकार हुए जेलर नरेंद्र सिंह खंपा की हत्या की गई थी। इसमें लंढौरा निवासी कल्लू को सरकारी गवाह बनाया गया है। इनके ऊपर गोली मार कर हत्या करने का प्रयास भी किया गया था। गनीमत रही कि उसके पैर में गोली लगी थी। अब फिर से उसकी हत्या करने को दो शूटरों को सुपारी देकर हत्या करने की साजिश रची गई थी।