देहरादून। पुलिस ने रायपुर क्षेत्र के एक हुक्का बार में छापा मारकर वहां से भारी संख्या में हुक्का फ्लेवर और शराब बरामद की। यहां कुल 16 युवक-युवतियों को हुक्का पीते हुए पकड़ा गया, जिन्हें बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बार संचालक को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी फरार हो गया है।
एसओ रायपुर दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि ऑपरेशन सत्य के दौरान सहस्रधारा रोड पर द कलौंन लाउंज एंड कैफे में छापा मारा गया। पुलिस को देखते ही वहां हड़कंप मच गया। इस बीच 16 युवक-युवतियों को पकड़ा गया और मौके पर उनके परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया। यहां से हुक्के के पाइप और 30 तरह के फ्लेवर बरामद किए गए हैं। मौके से मिले साक्ष्यों के अनुसार बिना लाइसेंस के यहां पर शराब भी परोसी जा रही थी। बार से भारी मात्रा में शराब भी बरामद हुई है। बार संचालक करण सिंह निवासी गांधीग्राम कांवली रोड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि उसका साथी पारस दुसेजा फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।