कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (सीडीएस) परीक्षा शहर के 26 केंद्रों में रविवार को संपन्न हुई। इसमें 15849 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। वहीं, 40 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। कक्षों में आधी सीटें खाली नजर आईं। परीक्षा में प्रश्न-पत्र औसत रहा। 52 से 58 प्रतिशत अंक तक मेरिट जाने का अनुमान है।
एडीएम बीर सिंह बुदियाल के अनुसार पहली पाली में 26 केंद्रों में 6545 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 4133 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में 6474 अभ्यर्थी उपस्थित व 4204 अनुपस्थित रहे। तीसरी पाली में 2830 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें 1957 अनुपस्थित रहे। सीडीएस परीक्षा एक्सपर्ट संदीप गुप्ता के अनुसार तीनों प्रश्न-पत्र औसत रहे। बीच-बीच में 10 से 15 फीसदी सवाल थोड़ा उलझाने वाले रहे। तीनों प्रश्न-पत्रों में करीब 53 से 58 प्रतिशत सवाल सही करने वाले परीक्षार्थी मेरिट में जगह बना सकते हैं, लेकिन उन्होंने कोई भी निगेटिव अंक हासिल नहीं किए हों।