ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सेलाकुई। चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक भवन की छत पर कपड़े सुखाने गया व्यक्ति हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। आनन फानन में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां वर्तमान में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार युवक 50 प्रतिशत तक झुलस गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आशीष पुत्र कृष्ण जनम सिंह निवासी लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश सेलाकुई में इंटास फैक्ट्री के पास एक तीन मंजिला मकान में किराए पर रहता है। शनिवार सुबह नहाने के बाद वह छत पर कपड़े सुखाने के लिए गया था। तभी छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन पर उसका हाथ टच हो गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। उसके चिल्लाने की आवाज सुन आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे तार से अलग किया। इसके बाद उसे उपचार के लिए पास ही स्थिति कैलाश अस्पताल में ले जाया गया। चौकी प्रभारी नवनीत भंडारी ने बताया कि उसके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। यूपीसीएल के अधिकारियों को भी घटना की सूचना दी गई है। वहीं, यूपीसीएल के सहायक अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि पूर्व में ही हाईटेंशन लाइन के नीचे बिना एनओसी के बने मकानों को नोटिस भेजे जा चुके हैं। शीघ्र ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।