दलाई लामा के जन्मदिन पर काटा आठ मंजिला केक
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। बौद्ध धर्म गुरु और तिब्बती समाज के शिखर पुरुष दलाई लामा का 84वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर तिब्बती सेटलमेंट के सामुदायिक भवन में आठ मंजिला केक काटकर दलाई लामा की दीर्घायु की प्रार्थना की गई। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में तिब्बती कला एवं संस्कृति की मोहक प्रस्तुति दी गई।
शनिवार को सहस्त्रधारा मार्ग स्थित डिकलिंग तिब्बती सेटलमेंट के सामुदायिक भवन में कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि साक्या धर्मगुरु अविक्रिता वजरा रिंपोछे ने केक काटकर किया। बौद्ध पद्धति से तरह-तरह के धार्मिक आयोजन हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हर जीव की खुशी के लिए काम करना दलाई लामा के जीवन का सिद्धांत है। उनके संघर्ष से भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। उन्होंने सभी से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कहा कि लामा ने प्यार, करुणा और क्षमाशीलता का संदेश दिया है। डिकलिंग सेटलमेंट में आयोजित सामूहिक भोज में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया।
इसके बाद शाम को राजपुर रोड स्थित मॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें तिब्बती समुदाय के बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने गोर्शिए, गोर्चोम, छ्यांगमू, तिब्बती ऑपेरा आदि नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में तिब्बती समुदाय के लोगों की भीड़ रही।