ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (इंटक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश शर्मा का डाकपत्थर पहुंचने पर उत्तराखंड ऊर्जा कामगार संगठन से जुड़े कर्मचारियों ने स्वागत किया। कर्मचारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को विभिन्न समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
निरीक्षण भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि इंटक हमेशा मजदूरों के हितों में काम करता आया है। कर्मचारियों का शोषण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ज्ञापन में कर्मचारियों ने कहा कि ऊर्जा कर्मियों को 5वें और छठे वेतनमान के रूप में 9, 14, 19 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर प्रोन्नत वेतनमान दिया जाता था, लेकिन सातवें वेतनमान में उक्त व्यवस्था को बदल 10, 20 और 30 कर दिया गया। इसके चलते कर्मियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लंबे समय से कर्मचारियों के नियमितीकरण और समान वेतन का मामला शासन में लंबित है, लेकिन इस ओर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही। उन्होंने कर्मचारियों को पुरानी पेंशन प्रणाली से जोड़ने की मांग की। इंटक के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कर्मचारियों को मांगों को जोर-शोर से उठाने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर विशाल गुप्ता, जितेंद्र कुमार, हिमांशु भट्ट, शंकर सिंह, अशोक कुमार अमोली, संजय कुमार, मुकुल द्विवेदी, सेवा राम, नौशाद आलम, पूजा कुमारी, राकेश कुमार, मनीष बहुगुणा, सुमित आदि मौजूद रहे।