ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
पिटकुल के झाझरा स्थित 220 केवीए के पावर सब स्टेशन में 160 एमवीए का ट्रांसफार्मर फुंकने की जांच रिपोर्ट पीजीसीआईएल (पावर ग्रिड कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) ने पिटकुल प्रबंध निदेशक को सौंप दी है। अब जांच रिपोर्ट ऊर्जा सचिव को सौंपी जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।
बता दें, पिटकुल के झाझरा स्थित पावर सब स्टेशन में 160 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर 16 जून को फुंक गया था। ट्रांसफार्मर फुंकने के बाद पीजीसीआईएल के विशेषज्ञों के साथ ही पिटकुल के अभियंताओं ने जांच की थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा सचिव राधिका झा ने भी यूपीसीएल, यूजेवीएनएल व पिटकुल के प्रबंध निदेशकाें की समिति गठित कर जांच रिपोर्ट तलब की थी।
पिटकुल के प्रबंध निदेशक संदीप सिंघल के मुताबिक पीजीसीआईएल की रिपोर्ट के अनुसार ट्रांसफार्मर तकनीकी खराबी के कारण फुंका था। ट्रांसफार्मर की वारंटी अवधि समाप्त हो चुकी है। ऐसे में नया ट्रांसफार्मर मिलने की संभावना काफी कम है। इस लिए कंपनी के विशेषज्ञों की मदद से ट्रांसफार्मर की मरम्मत करायी जाएगी।