ब्यूरो/अमर उजाला, विकासगनर।
भाजपा ने ग्राम पंचायत पृथ्वीपुर में स्वच्छ भारत अभियान के नाम पर 15 लाख रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। साथ ही मामले की शिकायत उपजिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र से की है। भाजपा ने एसडीएम से ग्राम पंचायत का स्थलीय निरीक्षण कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में भाजपा की जिला उपाध्यक्ष आशा चौहान ने कहा कि स्वच्छता अभियान के तहत ग्राम पंचायत को 15 लाख रुपये की राशि दी गई थी। यह राशि ग्राम प्रधान के खाते में भेजी गई थी। धनराशि का उपयोग समिति गठित कर किया जाना था, लेकिन ग्राम प्रधान ने खुली बैठक किए बिना ही चोरी-छिपे समिति का गठन कर दिया। बिना किसी को जानकारी दिए ग्राम प्रधान और कोषाध्यक्ष ने खाते से 12 लाख रुपये निकाल लिए। इससे एक ई रिक्शा और कूड़ा निस्तारण के लिए कुछ बाल्टियां खरीदी गईं।
इसकी जानकारी ग्रामीणों को ग्राम पंचायत की अंतिम खुली बैठक में दी गई। वार्ड मेंबरों को भी अंतिम दिन ही खुद के समिति में शामिल होने का पता चला। आरोप लगाया कि अभियान के तहत जो सामान खरीदा गया, उसकी कीमत बहुत कम है। जबकि, कागजों में सामान की कीमतों को बढ़ा चढ़ाकर दिखाया गया है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। वहीं, मामले में एसडीएम ने बीडीओ को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
ज्ञापन सौंपने वालों में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विजय महेंद्रू, पंचायत सदस्य उमा देवी, संतोष देवी, फूल सिंह, नवीन कुमार, गुमान सिंह, पूनम देवी, सुनीता, रमेश, मुन्ना लाल, रिंकू शामिल रहे।
----
मुझ पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। मैं किसी भी जांच के लिए तैयार हूं। धनराशि से सामान खरीद के साथ ही सोकपिट का निर्माण कराया जा रहा है। - विमला देवी, ग्राम प्रधान, पृथ्वीपुर