जल्द रिफिल करा लें गैस सिलिंडर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। रसोई गैस उपभोक्ता अपने सभी सिलिंडर जल्द रिफिल करा लें, वरना उन्हें गैस की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। 17 जुलाई से कांवड़ यात्रा शुरू हो रही। ऐसे में करनाल और हरिद्वार प्लांट से गैस की सप्लाई बाधित हो जाती है। इसके लिए दून की गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं से अपील करनी शुरू कर दी गई है।
जिले में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान कार्पोरेशन की 45 गैस एजेंसियां हैं। जिन पर रोजाना करीब 15 हजार सिलिंडरों की सप्लाई होती है। कावंड़ यात्रा के दौरान मुख्य मार्गों को बंद कर दिया जाता है। दून में लोनी, हरिद्वार और करनाल से गैस आती है और यह मार्ग बंद होने के कारण ट्रक चालक गाड़ी चलाना बंद कर देते हैं। जिसके एजेंसियों पर बैकलॉग बढ़ जाता है और उपभोक्ताओं को गैस की किल्लत का सामना करना पड़ता है।
उत्तरांचल एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष चमनलाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सप्लाई बाधित हो जाती है। इसलिए यात्रा से पहले उपभोक्ताओं को सिलिंडर रिफिल कराने की अपील की जा रही है, ताकि यात्रा के दौरान उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके अलावा डिलिवरी मैन भी उपभोक्ताओं को सिलिंडर भरवाने के लिए जागरूक कर रहे हैं।