अवैध सिगरेट बेचने वाली दुकानों पर छापे
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। नियम विरुद्ध विदेशी सिगरेट बिक्री के खिलाफ शुक्रवार को कार्रवाई करने पहुंची बाट-माप विभाग की टीम को देखकर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। टीम को देखकर हनुमान चौक के कुछ दुकानदार पहले ही भाग निकले। और जो टीम के हत्थे चढ़े उनसे भारी मात्रा में सिगरेट व अन्य व्यसन सामग्री बरामद हुई है। टीम ने बाकी दुकानदारों को चेतावनी भी दी है। हालांकि, इस दौरान कुछ दुकानदारों के नौकरों ने गोदाम ही नहीं खोलने दिए। इस बात को लेकर व्यापारियों ने टीम पर भेदभाव का आरोप भी लगाया।
अमर उजाला ने सोमवार से लगातार तीन दिन तक दून में संचालित विदेशी सिगरेट के अवैध कारोबार की खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिनमें हनुमान चौक से लेकर शहर के गली, मोहल्लों में दुकानों पर बिना प्रिंट रेट सिगरेट बेचे जाने का खुलासा किया था। इन सिगरेट के पैकेटों पर सरकार के नियम के हिसाब से वॉर्निंग भी नहीं है। दून में इस तरह की सिगरेट का धंधा करोड़ों का है।
खबर का संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को बाट-माप विभाग की टीम ने महाराजा अग्रसेन चौक व हनुमान चौक पर छापे मारे। टीम ने सिगरेट के पैकेट बरामद करने के साथ ही पांच दुकानों का चालान किया। टीम में वरिष्ठ निरीक्षक अमित कुमार सिंह, उप नियंत्रक जीएस रावत समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
:::
लाइव
सुबह 11:30 बजे
बाट-माप विभाग की टीम महाराजा अग्रसेन चौक स्थित मो. साहनी स्नेम्हा की दुकान पर पहुंची। वहां पाइन, ब्लैक व अन्य सिगरेट के डिब्बी पर रेट अंकित नहीं मिले। जिसके बाद टीम ने दुकान का चालान कर दिया।
दोपहर 12:00 बजे
महाराजा अग्रसेन चौक स्थित अनमोल ट्रेडिंग पर पहुंचकर छानबीन की। दुकान पर विदेशी सिगरेट बेचती पाई गई। टीम ने पाइन, ब्लैक की जब्त कर दुकान के संचालक का चालान काट दिया।
दोपहर 12:30 बजे
हनुमान चौक टीम नानकचंद एंड संस की दुकान पर पहुंची। जहां पर दुकान का मालिक नहीं मिला। जब अधिकारी ने मालिक के बारे में पूछा को कर्मचारियों ने बताया कि किसी काम से कहीं गए हैं। उन्होंने गोदाम देखने के लिए कहा तो कर्मचारियों ने गोदाम दिखाने से इनकार कर दिया। जिसके बाद अधिकारी ने खानापूर्ति करते हुए दुकान में रखी सिगरेट पर रेट न होने पर दुकान का चालान काट दिया।
दोपहर 1:00 बजे
टीम नैना ड्रिंक शॉप पर पहुंची। यहां लोग सिगरेट पीते पाए गए। अधिकारी ने दुकान से सिगरेट की डिब्बी बरामद कर ली। इस दौरान दुकान संचालक और अधिकारी के बीच तीखी बहस भी हुई। दुकानदार ने आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी छोटे दुकानदारों पर ही कार्रवाई कर सकते हैं। जहां सिगरेट का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। वहां अंकुश लगाने में विभाग नाकाम है। इसके बाद विभागीय अधिकारियों ने दुकान का चालान काट दिया।
दोपहर 12:50 बजे
टीम वेद प्रकाश की दुकान पर पहुंची। जहां उन्होंने दुकान व गोदाम की जांच की लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा। ऐसे में आसपास के लोगों ने बताया कि कार्रवाई की आशंका से दुकानदार सतर्क हो गए हैं।
------
छोटे पर कार्रवाई, बड़ों पर मेहरबानी क्यों
बाट-माप विभाग की टीम की ओर से की गई छापा मारी के दौरान छोटे दुकानदारों ने कहा कि जो बड़े दुकानदार सिगरेट की सप्लाई कर रहे हैं, विभाग उन पर मेहरबान है। बड़े दुकानदारों के गोदामों में माल भरा हुआ है। ऐसे में अधिकारियों को पहले उन पर कार्रवाई करने की आवश्यकता है।
--------
कोट ::
कोटपा एक्ट और बिना प्रिंट वाली विदेशी सिगरेट के मामले में कार्रवाई जारी रहेगी।
- कृष्ण कुमार शर्मा, संयुक्त नियंत्रक, बाट-माप विभाग