ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। उच्च न्यायालय नैनीताल के चीफ जस्टिस रमेश रंगनाथन ने शुक्रवार को पुरानी जेल स्थित निर्माणाधीन न्यायालय भवन का निरीक्षण किया। पुरानी जेल की इस भूमि पर तीन वर्षों से भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसी जगह पर वकीलों के लिए नए चेंबर भी बनाए जाने हैं। इसके लिए दो दिन पूर्व मुख्यमंत्री ने वकीलों को आश्वासन दिया था।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने बताया कि चीफ जस्टिस ने देहरादून आने के बाद सबसे पहले नए न्यायालय परिसर का निरीक्षण किया था। इस दौरान वकीलों ने यहां आवंटित होने वाले चेंबरों की समस्या को भी चीफ जस्टिस के सामने रखा। उन्होंने आश्वासन दिया कि वकीलों की जो भी समस्याएं हैं उनके लिए हाईकोर्ट चिंतित है। सरकार से इस संबंध में वार्ता कर यथासंभव प्रयास किया जाएगा। अध्यक्ष कंडवाल ने बताया कि कुछ दिन पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी उन्हें आश्वासन दिया था कि सरकार जल्द चेंबर निर्माण के लिए यहां की भूमि को एसोसिएशन के नाम करेगी।