ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
सहसपुर ब्लॉक अंतर्गत सेलाकुई से डूंगा तक सीधी बस सेवा नहीं होने से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोग छोटे वाहन चालकों की मनमर्जी का शिकार हो रहे हैं। जबकि, इन गांवों के छात्र-छात्राओं को स्कूल तक जाने के लिए करीब आठ किमी की दूरी तय करनी पड़ती है।
लोग लंबे समय से इस मार्ग पर सिटी बस के संचालन की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन हजारों ग्रामीणों की समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। सेलाकुई से डूंगा मार्ग पर बहादरपुर, तेलपुरा, पौड़वाला, राजावाला, भगवानपुर, भरतपुर, भाऊवाला, भानवाला, बेलोवाला, डूंगा सहित एक दर्जन से अधिक गांव पड़ते हैं, जिनमें 10 हजार से अधिक आबादी निवास करती है। इन ग्रामीणों को हर दिन सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र व राजधानी में रोजगार के सिलसिले में जाना पड़ता है। जबकि, राइंका भाऊवाला में आसपास के 6 किमी के दायरे के छात्र-छात्राएं अध्ययन करने आते हैं।
सिटी बस सेवा नहीं होने के चलते छात्र-छात्राओं को तो पैदल ही स्कूल तक जाना पड़ता है। जबकि, अन्य ग्रामीण अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए छोटे वाहन चालकों की मनमानी से परेशान रहते हैं। मार्ग पर कोई भी बस सेवा नहीं होने के चलते ग्रामीणों को हर रोज फजीहत झेलनी पड़ती है। स्थानीय बाशिंदे मनमोहन सिंह, रमेश आजाद, प्रमोद कुमार, सावित्री देवी, प्रमिला कुुमारी, शबनम, हरमीत सिंह ने बताया कि परिवहन निगम से लेकर क्षेत्रीय विधायक तक से कई बार इस मार्ग पर सिटी बस सेवा शुरू कराने की मांग की गई, लेकिन समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
उधर, क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर ने बताया कि मार्ग पर सीधी बस सेवा शुरू करने के लिए उचित कार्रवाई की जाएगी।