मरीजों से पहले खुद भोजन चखेंगे कर्मचारी
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। कोरोनेशन अस्पताल में मरीजों को भोजन देने से पहले कर्मचारी उसकी गुणवत्ता की जांच करेंगे। इसके लिए वे पहले भोजन को चखेंगे और गुणवत्ता परक होने के बाद ही मरीजों को वितरित करेंगे। इस संबंध में बुधवार को अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीसी रमोला ने निर्देश जारी किए हैं।
सीएमस डॉ. रमोला ने बताया कि अस्पताल में मरीजों के भोजन की गुणवत्ता को लेकर समय समय पर सवाल उठते रहते हैं। मेस से आने वाला भोजन हर रोज सुबह-शाम भर्ती मरीजों को वितरित किया जाता है। भोजन की गुणवत्ता बनी रहे इसके लिए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को जांच परख के निर्देश दिए गए हैं। डॉ. रमोला ने बताया कि इसके लिए कर्मचारियों को यह भोजन पहले चखना होगा। इसके बाद जब गुणवत्ता सुनिश्चित होने के बाद ही मरीजों को दिया जाएगा।
डॉ. रामेला ने बताया कि अस्पताल में सुविधाओं और व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। दो दिन पूर्व डॉक्टरों को बाहर से दवाएं और जांच लिखने के मामले में हिदायत दी गई है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में किसी भी तरह की कोई अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।