बजट जारी, जुलाई में मिलेगी रुकी हुई पेंशन
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। समाज कल्याण विभाग के चक्कर काट रहे पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। शासन की ओर से विभाग को पेंशन का बजट जारी कर दिया गया है। जिससे जिले के 65800 पेंशनरों को जुलाई से पेंशन मिलनी शुरू हो जाएगी।
छह माह से पेंशनर विभाग में चक्कर काट रहे हैं लेकिन बजट न होने का हवाला देकर अधिकारी उन्हें लौटा देते हैं। अब शासन की ओर से विभाग को दिव्यांग, किसान व वृद्धावस्था पेंशन के लिए करीब 20 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी जीत सिंह रावत ने बताया कि शासन की ओर से बजट जारी कर दिया गया है। जिसकी छह माह से पेंशन जारी नहीं हो सकी थी, उनको इस बजट से जारी की जाएगी। सभी लाभार्थियों के खाते में जून तक की पेंशन जुलाई में जारी कर दी जाएगी।
जिले में पेंशनर
वृद्धावस्था पेंशन - 54000
दिव्यांग पेंशन - 11000
किसान पेंशन - 800
कोट :
पेंशन का बजट जारी हो गया है। जुलाई में सभी के खातों में पैसा जारी कर दिया जाएगा।
- राम विलास यादव, अपर सचिव, समाज कल्याण विभाग