ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने सोमवार को बीसीसीआई एफिलिएशन कमेटी के सदस्यों से मुलाकात कर पूर्ण मान्यता देने की मांग की। उन्होंने राज्य में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं, यूनाइडेट क्रिकेट एसोसिएशन के संजय गुसाईं मंगलवार को सीएयू पदाधिकारियों के साथ टीम से मुलाकात करेंगे।
बीसीसीआई एफिलिएशन कमेटी के दो सदस्य पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंशुमान गायकवाड़ और बीसीसीआई के जीएम क्रिकेट ऑपरेशन सबा करीम सोमवार दोपहर दून पहुंचे। प्रेमनगर स्थित होटल में सबसे पहले उनसे उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप सिंह, सचिव चंद्रकांत आर्य, उपाध्यक्ष पंकज सहगल और संयुक्त सचिव आरएस चौहान ने मुलाकात की। यूसीए पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों के सामने राज्य में क्रिकेट संचालन को लेकर अपना पक्ष रखा। चंद्रकांत आर्य ने कहा कि उनकी क्रिकेट एसोसिएशन ने राज्य में क्रिकेट को बढ़ावा देने और नए क्रिकेटरों को मौका देने की दिशा में कई साल काम किया है। ऐसे में पूर्ण मान्यता के लिए उनका दावा सबसे ज्यादा मजबूत है।
इसके बाद यूनाइटेड क्रिकेट एसोसिएशन के पदाधिकारियों को मुलाकात का समय दिया गया। एसोसिएशन के सचिव संजय गुसाईं ने कमेटी को बताया कि उनका पहले ही सीएयू के साथ मर्ज हो चुका है। इसी के आधार पर यूसीसीसी में उनका केवल एक सदस्य बनाया गया। उन्होंने कहा कि वह मंगलवार को सीएयू पदाधिकारियों के साथ दोनों अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और अपना प्रजेंटेशन देंगे।
मंगलवार सुबह नौ बजे उत्तराखंड क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक दिव्य नौटियाल समेत अन्य पदाधिकारी कमेटी के सामने अपना पक्ष रखेंगे। उसके बाद सीएयू पदाधिकारी अपना प्रस्तुतिकरण देंगे। कुछ दिन पूर्व खेल मंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठक में उत्तरांचल क्रिकेट एसोसिएशन को छोड़कर अन्य सभी संघ एक साथ काम करने पर सहमति जता चुके हैं।