ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मसूरी। प्रदेश की विधानसभा का सत्र 24 जून से शुरू होगा। यह जानकारी मसूरी में यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट के वार्षिक समारोह में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने दी। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों पर हो रहे हमलों को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया।
मसूरी नगर पालिका सभागार में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ विस अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, मसूरी विधायक गणेश जोशी, पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर रंगकर्मी त्रिलोक चौहान, सामाजिक कार्यकर्ता दिगंबर टीटू और कांस्टेबल भगवती पाठक को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विस अध्यक्ष अग्रवाल ने पत्रकारों पर लगातार हो रहे हमलों की निंदा की। उन्होंने कहा कि विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन को पत्रकारों के साथ गलत व्यवहार नहीं करना चाहिए था। उन्होंने बताया कि 24, 25 जून को विधानसभा सत्र का आयोजन किया जाना है, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह अल्पकालिक सत्र होगा, जिसमें कई अध्यादेश लाए जाने हैं। उन्होंने अल्पकालिक सत्र में भी विपक्ष के सहयोग की आशा जताई। इस मौके पर पूर्व पालिकाध्यक्ष मनमोहन सिंह मल्ल, स्टेट यूनियन ऑफ वर्किग जर्नलिस्ट्स के प्रदेश अध्यक्ष शंकर दत्त शर्मा, सुनील सिल्वाल, गणेश खुगशाल आदि मौजूद रहे।