ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
खेल विभाग ने सम्मान समारोह आयोजित कर वर्ष 2017 में अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 242 खिलाड़ियों को सम्मानित किया। समारोह के मुख्य अतिथि खेल मंत्री अरविंद पांडेय ने खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को पुरस्कार के रूप में 83 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की।
परेड मैदान स्थित बहुद्देश्यीय क्रीड़ा सभागार में शनिवार शाम को आयोजित समारोह में खेल मंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ के जरिये राज्य सरकार सुदूर अंचल के खिलाड़ियों को बड़ा मंच देने का प्रयास कर रही है। इस अवसर पर खेल मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 10 लाख रुपये और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को 73 लाख रुपये की धनराशि प्रदान की। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के लिए ओलंपियन मनीष रावत, एथलीट सूरज पंवार, मुकेश रावत, भारतीय बास्केटबाल टीम के कप्तान विशेष भृगुवंशी, शटलर कुहू गर्ग को भी पुरस्कृत किया गया। ताइक्वांडो खिलाड़ी हेमंत गड़िया और यूथ पैरा गेम्स खिलाड़ी चिराग बरेठा को भी अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने के लिए पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विधायक खजानदास, पूर्व क्रिकेटर मनोज प्रभाकर, निदेशक खेल प्रताप सिंह शाह, डॉ. धर्मेंद्र भट्ट, एमसी शर्मा, राजेश ममगाईं, दिनेश असवाल, दीपक रावत आदि मौजूद रहे।