वीर शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों के परिजनों को सिद्धार्थ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन की ओर से सम्मानित किया गया। संस्थान की ओर से शुक्रवार को ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
शुक्रवार को पथरी बाग स्थित एक विवाह स्थल में आयोजित कार्यक्रम में हवलदार शिव सिंह रावत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद हुए वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम में रिहा और वुमनिया बैंड के कलाकारों ने मेरे देश की धरती सोना उगले... ऐ वतन तेरे लिए... मेरा मुल्क मेरा देश... जैसे देश भक्ति गीतों की प्रस्तुति से लोगों में देशभक्ति का जोश भर दिया।
इससे पहले शाम चार बजे मसूरी डायवर्जन से बाइक रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के आयोजक श्रवण वर्मा ने कहा कि वीर जवानों की बहादुरी के बदौलत ही हम सुरक्षित हैं। उनके परिजनों के सम्मान और सहायता के लिए सभी को आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में नायक ज्ञान सिंह क्षेत्री, दुर्गा वर्मा, राकेश डोभाल, जोगेंद्र भट्ट, राजन मारवाह, पारस जैसवाल, रजत चौहान, अरुण कुमार, विश्वनाथ शर्मा, पंकज चांदना सहित सैकड़ों शहीद जवानों के परिजन मौजूद रहे।