आज काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे डॉक्टर
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। पश्चिम बंगाल में महिला डॉक्टर के साथ हुई हिंसा के विरोध में देशभर में निजी चिकित्सक काली पट्टी बांधकर विरोध जताएंगे। इसी क्रम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की दून शाखा ने भी सभी चिकित्सकों से इस आंदोलन में भाग लेने की अपील की है।
आईएमए दून शाखा के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार गोयल ने बताया कि देशभर में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं का 14 जून शुक्रवार को विरोध किया जाना है। उन्होंने बताया कि डॉक्टर लंबे समय से अस्पताल में हिंसा के विरोध में अलग कानून बनाने की मांग कर रहे हैं। किसी भी घटना में डॉक्टरों के साथ जो व्यवहार होता है वह बर्दाश्त से बाहर है। डॉ. गोयल ने बताया कि आईएमए के सदस्य सभी डॉक्टर काली पट्टी बांधकर विरोध जताते हुए काम करेंगे। इसके बाद आईएमए मुख्यालय पर बैठक करेंगे।