फोब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
चकराता। नव युवक मंगल दल अमराड़-झबराड़ की ओर से आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिता के तहत बुधवार को युवाओं ने कबड्डी और क्रिकेट में अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता का उद्घाटन पूर्व जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत और श्याम सिंह राणा ने किया।
उन्होंने कहा कि खेलकूद शारीरिक विकास के साथ ही मानसिक विकास और सामाजिक भाईचारा बढ़ाने का माध्यम होते हैं। खिलाड़ियों को खेल भावना का परिचय देते हुए मैदान पर संयमित व्यवहार करना चाहिए। खेल के दौरान की आक्रमकता को मैदान के बाहर नहीं ले जाना चाहिए। प्रतियोगिता के तहत कबड्डी के पहले मुकाबले में पिंगवा ने 23-18 के अंतर से सैंज को पराजित किया। जबकि, ठारटा ने झबराड़ को 22-15, सालना हिमाचल प्रदेश ने अड़ेला खेड़ा को 20-15 के अंतर से हराया। साथ ही कनबुआ ने बुराइला को 15-10 और ठारटा ने पिंगवा को 17-12 के अंतर से पटखनी दी।
क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान दसेऊ ने लोहारी को 6 रन और बुराइला ने कोटी कनासर को 1 रन से हराया। जबकि, कुनैन ने पानुवा को 10 रन और धींगऊ ने सैंज को 8 रनों से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दिन के सभी मैचों में सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर धींगोऊ के सचिन का रहा, जिन्होंने 80 रन बनाए। इस दौरान शूरवीर सिंह, रमेश चौहान, सहजराम डिमरी, राजेंद्र सिंह, नरेश चौहान, बलवीर सिंह, अर्जुन सिंह, हुकम धीमान, महेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।