ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। ब्रिज कोर्स करने के चार माह बाद भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में नियुक्तियां न मिलने से नाराज युवाओं ने बुधवार को नेशनल हेल्थ मिशन के डायरेक्टर से मुलाकात कर नाराजगी जताई। डायरेक्टर ने आश्वासन दिया जल्द उनकी मांग का समाधान निकाला जाएगा।
प्रदेश में आयुष्मान योजना घोषित होने के बाद सामुदायिक केंद्रों को उच्चीकृत किया जाना था। ब्रिज कोर्स करने वाले युवाओं को इन केंद्रों में सामुदायिक केंद्र अधिकारी (सीएचओ) के रूप में नियुक्तियां दी जानी थी। इसके लिए राज्य में इंदिरा गांधी मुक्त विश्वविद्यालय की ओर से ब्रिज कोर्स आयोजित किया गया। जुलाई 2018 बैच का परिणाम फरवरी-2019 में निकला। बावजूद इसके अभी तक इन युवाओं को नियुक्तियां नहीं दी गईं। इससे नाराज युवाओं ने दो बार मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की। अवगत कराया कि इस बैच के प्रशिक्षणार्थियों को उत्तर प्रदेश व अन्य राज्यों में नियुक्तियां मिल चुकी हैं। लेकिन, उत्तराखंड में किसी युवा को नियुक्ति नहीं दी गई है। बुधवार को नाराज युवाओं ने एनएचएम डायरेक्टर जुगल किशोर पंत ने मुलाकात की। इस पर उन्होंने जल्द उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।