ब्यूरो, अमर उजाला/विकासनगर
बाबूगढ़ बस्ती के लोगों ने संपर्क मार्गों से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग प्रशासन से की है। लोगों ने बताया कि छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बने इस संकरे मार्ग पर इन दिनों निर्माण सामग्री ले जाने वाले भारी वाहनों की आवाजाही लगी रहती है, जिससे मार्ग कई जगहों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। साथ ही मार्ग किनारे बिछी पेयजल लाइनों के क्षतिग्रस्त होने का खतरा भी बना हुआ है।
बुधवार को इस संबंध में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए स्थानीय लोगों ने बताया कि संपर्क मार्गों पर भारी वाहनों के गुजरने से मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। बरसात में क्षतिग्रस्त मार्गों पर आवागमन करने में आम जनता को परेशानी होगी। बताया कि बाबूगढ़ बस्ती में सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज को जाने वाला मार्ग बस्ती का मुख्य मार्ग है। इस विद्यालय में एक हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। साथ ही बस्ती के सैकड़ों लोग भी इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। स्थानीय जनता की मांग पर कुछ माह पूर्व विधायक निधि से इस संपर्क मार्ग का सुधारीकरण किया गया था। इस मार्ग के किनारे बस्ती को जाने वाली पेयजल लाइन भी बिछी हुई है, जिसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने मार्ग पर भारी वाहनों को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने की मांग एसडीएम से की है। ज्ञापन सौंपने वालों में नरेंद्र सिंह तोमर, सुनील काला, सुरेंद्र सिंह, कलम सिंह तोमर, प्रेम सिंह नेगी, भजन सिंह तोमर, सुरेंद्र रावत, केशर सिंह चौहान, रोशन लाल, गीता मौर्य आदि शामिल रहे।
उधर, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि इस संबंध में उचित कार्रवाई की जाएगी।