ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ‘आरएसएस’ के गढ़वाल प्रांत के संघ शिक्षा वर्ग में छात्रों ने सोमवार को कदमताल का अभ्यास किया और लाठी चलाने के गुर सीखे। प्रशिक्षण में कुल 340 छात्र प्रतिभाग कर रहे हैं।
सोशल बलूनी स्कूल में सोमवार को आयोजित प्रशिक्षण वर्ग में आरएसएस के 80 घोष वादकों को भी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण वर्ग की व्यवस्था और शिक्षण में 89 प्रशिक्षित स्वयंसेवक लगे हुए हैं। शिविर में संघ के कुशल प्रशिक्षकों ने छात्रों को अनुशासन का पाठ पढ़ाया। इसके अलावा संघ की पाठशाला में स्वयंसेवकों को शारीरिक मजबूती के लिए विभिन्न योगासनों का अभ्यास भी कराया गया। बौद्धिक सत्रों में नए स्वयंसेवक सामाजिक और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय ज्ञान से रूबरू हुए। यहां की व्यवस्थाएं प्रांत सह व्यवस्था प्रमुख नीरज मित्तल, सह सर्व व्यवस्था प्रमुख महानगर कार्यवाह विशाल जिंदल, महानगर प्रचार प्रमुख हिमांशु अग्रवाल, वर्ग कार्यवाह राजेंद्र, वर्ग पालक दिनेश, वर्ग कार्यवाह भगीरथ, गोपाल रोहेला आदि संभाल रहे हैं। प्रशिक्षण संवर्ग में छात्रों और प्रशिक्षकों के लिए रोजाना चार हजार रोटियां आ रही हैं। रोटियां राजधानी देहरादून के 400 परिवारों की ओर से रोटेशन में भेजी जाती हैं।