ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
नगर निकाय कर्मचारी महासंघ ने 28 जून से प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनी दी है। नगर निगम सभागार में रविवार को कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सरकार की कर्मचारी विरोधी नीति के चलते काफी रोष है। प्रदेश महामंत्री महाबीर सिंह राणा ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों के वेतन भत्तों एवं एरियर के भुगतान की स्थिति दयनीय है। वर्षों से काम कर रहे दैनिक वेतन, संविदा एवं स्वच्छता समिति आदि के कर्मचारियों का नियमितिकरण नहीं किया जा रहा है। सीमा विस्तार के बाद भी कर्मचारियों की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही है। जल्द कर्मचारियों की कमी दूर नहीं की गई तो 28 जून से प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सफाई के साथ ही स्ट्रीट लाइट, वसूली एवं पालिका के सभी कार्य बाधित रखे जाएंगे। बैठक का संचालन सत्येंद्र कुमार और डीएल साह ने किया। बैठक में यशपाल सिंह रावत, चंद्र प्रकाश, अरुण कुमार, योगेश आनंद, पंकज पांडे, राकेश काला, हेम जोशी, पवन थापा, प्रकाश जोशी, एमएल शाह, सुरेश आदि मौजूद रहे।