ब्यूरो,अमर उजाला/विकासनगर
कालसी। चकराता वन प्रभाग की रिवर रेंज के अंतर्गत कंपार्टमेंट नंबर 12 में कालसी-बैराटखाई मोटर मार्ग पर सुखेड़ी बैंड के पास शुक्रवार दोपहर लगभग 12 बजे अचानक जंगल में आग लग गई। हालांकि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक जंगल में लगी आग पर काबू नहीं पाया जा सका है। जिससे आग का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
चकराता वन प्रभाग मुख्यालय कालसी से लगभग पांच किलोमीटर दूर बैराटखाई मोटर मार्ग पर जिस क्षेत्र में आग लगी है वहां संरक्षित प्रजाति के साल सहित अमलतास, झींगन बाकली आदि मिश्रित प्रजाति के भारी संख्या में वृक्ष एवं रुएल की घनी झाड़ियां भी है। जो अत्यंत ज्वलनशील होती है। मौके पर मौजूद वन क्षेत्राधिकारी बीडी सकलानी और उनकी टीम जंगल में लगी आग पर प्रभावी ढंग से काबू नहीं कर पा रहे हैं। आग से पेड़ पौधों के जलने के साथ ही वन्य प्राणियों की जान को भी खतरा पैदा हो गया है।
उधर, मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल जीएस पांडे ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को प्रभावी ढंग से आग पर काबू पाने के निर्देश दिए गए हैं।