ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
सेलाकुई। दमकल विभाग के निरीक्षण में सेलाकुई की औद्योगिक इकाइयों में भारी अनियमितताएं पाई गई हैं। लापरवाही बरत रहीं एक दर्जन इकाइयों को नोटिस जारी किए गए हैं। दमकल विभाग के कर्मियों के निरीक्षण में एक दर्जन के करीब ऐसी इकाइयां मिलीं जो आग लगने की घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील हैं। बावजूद इन औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा के कोई उपाय नहीं किए गए हैं। हैरानी की बात है अग्निशमन यंत्र बनाने वाली एक औद्योगिक इकाई भी अग्नि सुरक्षा के प्रति लापरवाह बनी हुई है।
सेलाकुई के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी पवन शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को निरीक्षण के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में अग्निशमन यंत्र बनाने वाली एक कंपनी सहित अकबर कॉलोनी के कबाड़ गोदाम, जूते बनाने की कंपनी, एसी का सामान बनाने वाली कंपनी और कई दवा निर्माता कंपनियों ने अग्निशमन विभाग से अनापत्ति नहीं ली है। वहीं किसी भी इकाई में अग्नि सुरक्षा के कोई भी उपाय नहीं किए गए हैं। बताया कि कबाड़ के गोदाम, गत्ता फैक्ट्री और चमड़ा बनाने वाली इकाइयों में पानी का टैंक होना जरूरी है। बताया कि जिन औद्योगिक इकाइयों का निरीक्षण किया गया उनमें अग्नि सुरक्षा के सामान्य उपकरण भी नहीं पाए गए। उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं।