ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
विश्व पर्यावरण दिवस पर सेलाकुई में स्वच्छता अभियान की शुरुआत करने पहुंचे एसडीएम कौस्तुभ मिश्र को स्थानीय लोगों का विरोध झेलना पड़ा। लोगों ने एसडीएम का घेराव कर उनके हाथ से झाड़ू छीन लिया। एसडीएम के मौके से लौटने के बाद लोगों ने धरना शुरू कर दिया, जो करीब दो घंटे तक चलता चला।
लोगों ने पीठ बाजार स्थल पर प्रशासन के खिलाफ धरना देते हुए नारेबाजी भी की। लोगों ने कहा कि करीब तीन साल से कस्बे में सफाई की कोई भी व्यवस्था नहीं है। नगर पंचायत और ग्राम पंचायत के दर्जे को लेकर कोर्ट में चल रहे विवाद के बाद से ही कस्बे की सफाई की ओर प्रशासनिक अमला ध्यान नहीं दे रहा है। इसके चलते बाजार और राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों किनारों के साथ ही अंदरूनी आवासीय बस्तियों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। फैलती दुर्गंध से बाजार में रहना मुश्किल हो गया है।
कहा कि तहसील प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन तक कई बार सफाई व्यवस्था सुचारु कराने की गुहार लगाई जा चुकी है। बावजूद इसके समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सफाई व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है। धरना देने वालों में इरशाद, अनीस अहमद, मुकर्रम, गंभीर पाल, अशोक नेगी, कासिफ, प्रेम सिंह नेगी, नब्बु शाह, मेहरूना परवीन, रहीस अहमद, फारुख, आदिल आदि शामिल रहे।
उधर, एसडीएम कौस्तुभ मिश्र ने बताया कि सेलाकुई कस्बे में शीघ्र ही सफाई व्यवस्था सुचारु करा दी जाएगी।