ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
कालसी। राजकीय इंटर कॉलेज कालसी के खेल मैदान फ्रेंडस क्लब जोहड़ी की ओर से आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट के तीसरे दिन महासू क्लब थैना, शाका क्लब और कालसी बी ने अपने-अपने मैच जीत कर अगले दौर में प्रवेश किया।
पहला मैच महासू क्लब थैना और पानुवा बी टीम के बीच खेला गया। थैना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राहुल के 30 और विराट के 29 रनों की मदद से छह ओवर में 70 रन बनाए। जवाब में खेलने उतरी पानुवा बी की टीम छह रन के अंतर से मैच हार गई। दूसरा मैच शाका इलेवन कालसी गेट और महासू क्लब हनोल के बीच खेला गया। शाका इलेवन ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लेते हुए महासू क्लब हनोल की टीम को 42 रनों पर ही समेट कर आसान जीत दर्ज की। इस मैच में आकाश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अंतिम मैच में त्यूनी और कालसी बी की टीमें आमने सामने थीं। कालसी बी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 90 रन बनाए, जिसमें जसपाल ने 40 और कुलदीप ने 30 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी त्यूनी की टीम छह रन से मैच हार गई। त्यूनी की टीम के सचिन ने 40 रन देकर दो विकेट लिए।
इस दौरान महेंद्र सिंह मोनू, दिनेश चौहान, प्रदीप तोमर आदि मौजूद रहे।