ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
चकराता। इंद्रोली और जाड़ी स्थित मां काली के मंदिर में रविवार को आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जौनसार बावर सहित रवाई जौनपुर हिमाचल एवं गढ़वाल मंडल के विभिन्न जनपदों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर मन्नतें मांगी। इसके अलावा ग्रामीणों ने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुुओं के लिए भंडारे की व्यवस्था की हुई थी।
चकराता के इंद्रोली और जाड़ी में मां काली के पौराणिक मंदिर हैं। जेठ माह में आने वाले हर रविवार को मंदिर में पूजा करने को अत्यंत शुभ माना गया है। जेठ माह के पहले और दूसरे रविवार को भी मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े थे। इस रविवार सुबह हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर में दर्शन को पहुंचे। शनिवार देर शाम से ही श्रद्धालुुओं का आना शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने मंदिर में मत्था टेका व मां काली से जीवन में सुख-समृद्धि की कामना कर मन्नतें मांगी। इस मौके पर इंद्रोली गांव में काली मंदिर समिति ने भंडारे का आयोजन किया। दर्शन को आए श्रद्धालुुओं ने माता के भजन गाए और जय माता दी का उद्घोष किया। वहीं, जाड़ी स्थित मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शनों को उमड़े।
इस दौरान मंदिर के वजीर टीकम सिंह भंडारी, खजान सिंह ठानी, केशर सिंह, सतपाल सिंह, कुंवर सिंह, अर्जुन सिंह, तिलक सिंह, अतर सिंह, हुकम सिंह, सुरेंद्र सिंह, भाव सिंह, गुमान सिंह आदि मौजूद रहे।