ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
उत्तरांचल यूथ क्रिकेट एसोसिएशन और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित अंडर-13 सैफरॉन लीफ वरदान चैंपियन ट्रॉफी के उद्घाटन मैच में दीप बौंठियाल क्रिकेट एकेडमी (डीबीसीए) ने जीत से आगाज किया। डीबीसीए ने आस्था क्रिकेट एकेडमी (एसीए) को सात विकेट से हराया।
रविवार को दून इंटरनेशनल स्कूल रिवर साइड पौंधा में टूर्नामेंट का पहला मैच डीबीसीए और एसीए के बीच खेला गया। आस्था क्रिकेट एकेडमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया। टीम ने 19.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 135 रन बनाए। टीम के लिए जतिन ने 67 रन बनाए। डीबीसीए के कृष्णा ने तीन औा अंशुल ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीबीसीए ने 16 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। यश ने 31 व आदित्य ने नाबाद 29 रन बनाए। अंकित ने 28 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंपायर की भूमिका रोहित व विशाल ने निभाई, जबकि आशीष स्कोरर रहे।
इससे पहले मुख्य अतिथि अविरल क्लासेस के प्रबंध निदेशक डीके मिश्रा ने टूर्नामेंट का शुभारंभ किया। इस दौरान एसोसिएशन के महासचिव जावेद बट्ट, उपाध्यक्ष गिरधर शर्मा, जिला उपाध्यक्ष अमित पुंडीर, सचिव अरुण शर्मा, दीपक शाह, दीप बौंठियाल आदि मौजूद रहे।