ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
मसूरी विधायक गणेश जोशी शुक्रवार को कैंट को जैतनवाला से जोड़ने वाले पुल के धीमे निर्माण पर फटकार लगाई। साथ ही विभागीय अधिकारियों के साथ निरीक्षण कर पुल का निर्माण जल्द करने के आदेश दिए। अधिकारियों ने बताया कि दिसंबर अंत तक पुल का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुल का निर्माण नहीं होने से 10 से 15 हजार लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि चाहे दिन-रात काम करें, लेकिन हर हाल में समय पर काम पूरा किया जाए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के ईई जगमोहन सिंह चौहान, तरुण कपिल, गोविंद सिंह रावत, पूनम नैटियाल, दीपक पुंडीर, टीएस भूटिया, विष्णु गुप्ता, देवेंद्र पाल आदि मौजूद रहे।
वहीं मसूरी क्षेत्र में बिजली की समस्याओं के निस्तारण के लिए उन्होंने मुख्य अभियंता एम.एल. प्रसाद सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली की लाइनें झूल रही हैं। पोल जर्जर हो चुके हैं। ऐसे मेें हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने 15 दिन में क्षेत्र की बिजली समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए।