शासन ने परिवहन निगम को जारी किया सात करोड़ का बजट
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। वित्तीय संकट से जूझ रहे परिवहन निगम को राहत मिल गई है। शासन ने राज्य के पर्वतीय इलाकोें में घाटे में बसें संचालित करने के एवज में सात करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। इससे परिवहन निगम के कर्मचारियों को वेतन देने का रास्ता साफ हो जाएगा। हालांकि परिवहन निगम का शासन पर अभी भी विभिन्न मदों के 15 करोड़ रुपये बकाया हैं।
अपर सचिव एवं प्रबंध निदेशक परिवहन निगम डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि राज्य के पर्वतीय इलाकों में घाटे में बसें संचालित करने के एवज में शासन से बजट की प्रतिपूर्ति की जाती है। इस मद में परिवहन निगम को 10 करोड़ का भुगतान किया जाना है। पिछले दिनों जब वेतन नहीं जारी किए जाने से नाराज परिवहन निगम कर्मियों ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार का एलान किया तो परिवहन निगम प्रबंधन से शासन से वार्ता की।
सचिव परिवहन शैलेश बगौली ने आश्वासन दिया था कि बजट का आवंटन कराया जाएगा। आखिरकार अब वित्त विभाग ने 10 करोड़ रुपये में से सात करोड़ का बजट जारी कर दिया है। इससे परिवहन निगम कर्मियों को वेतन का भुगतान कर दिया जाएगा। दूसरी ओर परिवहन निगम प्रबंध निदेशक डॉ. आर राजेश कुमार ने इस बजट के जारी करने के बावजूद विभिन्न मदों में अभी भी शासन पर 15 करोड़ की देनदारी है।