ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। राजधानी की सड़कोें पर बिना परमिट फर्राटा भर रहे विक्रम, टेेंपो और ई-रिक्शा के खिलाफ परिवहन विभाग आज सोमवार से नए सिरे से अभियान चलाने जा रहा है। इसके लिए आरटीओ ने विभागीय अधिकारियों की अगुवाई में तीन टीमों का गठन कर दिया है।
आरटीओ डीसी पठोई ने बताया कि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही है कि देहरादून में विक्रम, टाटा मैजिक और ई-रिक्शा जैसे ठेका वाहन परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर रहे हैं। यह वाहन फुटकर सवारियां ढोने के साथ ही यात्रियों से निर्धारित किराए से अतिरिक्त किराया वसूले रहे हैं। इन्होंने बताया तीनों टीमें सोमवार से अलग-अलग क्षेत्रों में अभियान चलाएगी। इस दौरान जरूरी कागजातों के साथ यह भी जांच की जाएगी कि वाहन पर किराए सूची चस्पा है या नहीं? कोई यात्रियों से अतिरिक्त किराया तो नहीं वसूल रहा है? इसके लिए यात्रियों से भी पूछताछ की जाएगी। बिना परमिट संचालित वाहन सीज किए जाएंगे।
साहब! रात में भी चलाएं अभियान
परिवहन विभाग के अधिकारियों को दिन के अलावा रात में भी जांच अभियान चलाना चाहिए। रात के समय जांच का डर न होने से कई विक्रम, टेंपो, ई-रिक्शा संचालक विभिन्न रूटों पर अपने वाहन दौड़ा रहे हैं। प्रदेश में चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों को किराए की वास्तविक जानकारी नहीं होने से उनसे मनमाना किराया वसूला जा रहा है। आईएसबीटी से घंटाघर तक रात दो-दो बजे तक विभिन्न रूटों के विक्रम फर्राटा भरते हैं। इसके अलावा मैजिक भी चल रहे हैं। यह सभी सवारियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं।