ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून।
मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि गांधी पार्क में बुजुर्ग और अन्य लोगों के लिए जॉगिंग ट्रैक का निर्माण जल्द किया जाएगा। इतना ही नहीं बुजुर्गों के लिए पार्क में विशेष व्यवस्था की जाएगी।
वहीं, निगम की जमीनों का व्यावसायिक उपयोग कर लोगों को रोजगार देने के साथ ही निगम के राजस्व में बढ़ोतरी करने की भी बात कही। वह रविवार को डिफेंस सर्विस सिविलियन पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। मेयर गामा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में विकास कार्य कराना उनकी प्राथमिकताओं में है। इसके तहत तमाम योजनाओं पर काम चल रहा है। आचार संहिता के चलते विकास कार्य रुके थे, लेकिन अब जल्द ही योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। मेयर ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से चारधाम यात्रा में बुजुर्गों के लिए परिवहन की सेवा में विशेष छूट देने की बात का आश्वासन दिया। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मेयर गामा की ओर से अतिक्रमण के खिलाफ चलाए गए अभियान की सराहना की। इस मौके पर तमाम लोग मौजूद रहे।