गर्मी बढ़ने के साथ ही बढ़ी बिजली की मांग
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। गर्मी के मौसम में पारा चढ़ने के साथ ही बिजली का संकट गहराने लगा है। यूपीसीएल के आंकड़ाें पर नजर डालें तो पिछले तीन दिनों के भीतर राज्य में बिजली की मांग 45 मिलियन यूनिट तक पहुंच गई है। जबकि राज्य में कुल मिलाकर 43 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। ऐसे में यूपीसीएल को प्रतिदिन दो मिलियन बिजली इंडियन एनर्जी एक्सचेंज से खरीदनी पड़ रही है।
यूपीसीएल अधिकारियों के मुताबिक यूपीसीएल को उत्तराखंड जलविद्युत निगम लिमिटेड से 16.5 मिलियन यूनिट, गैस आधारित प्रोजेक्ट से 7.8 मिलियन यूनिट, सोलर पावर प्रोजेक्ट से 0.5 मिलियन यूनिट, केंद्रीय बिजली बोर्ड से 16 मिलियन यूनिट, केंद्र सरकार के दीप पोर्टल से सात मिलियन यूनिट बिजली की आपूर्ति की जा रही है। मुख्य अभियंता एके सिंह ने बताया कि पिछले तीन दिन से लगातार दो मिलियन यूनिट प्रतिदिन खरीदी जा रही है। पिछले तीन दिन से बिजली की मांग बढ़ी है। तीन दिन पहले 42 मिलियन यूनिट बिजली इस्तेमाल की जा रही थी जो अब बढ़कर 45 मिलियन यूनिट तक पहुंच गई है। गर्मी बढ़ने के साथ ही एसी व कूलर के अत्यधिक इस्तेमाल किए जाने बिजली की मांग तेजी से बढ़ी है। यदि गर्मी बढ़ती है तो बिजली की मांग और बढ़ सकती है। यूपीसीएल का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाए।