दिल्ली जाने वाली बस को कर्मचारी नेता ले गए कोटद्वार
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। श्रीनगर से दिल्ली जाने वाली श्रीनगर डिपो की बस को रोडवेज से संबंधित एक संगठन के नेता अपनी बैठक में जाने के लिए कोटद्वार ले गए। जिसके चलते श्रीनगर से दिल्ली जाने वाले यात्री दिनभर बस का इंतजार करते रहे। पूछताछ पर पता चला कि बस कोटद्वार गई है। जिस पर यात्रियों ने काफी आक्रोश जताया। इसके बाद वह किसी तरह ऋषिकेश पहुंचे और दिल्ली के लिए रवाना हुए। उधर, रोडवेज महाप्रबंधक (संचालन) ने श्रीनगर डिपो के एआरएम के खिलाफ जांच बैठा दी है। साथ ही स्पष्टीकरण भी मांगा है।
जानकारी के अनुसार आगामी 29 जून को एक यूनियन का आंदोलन प्रस्तावित है, जिसे लेकर शनिवार को कोटद्वार में बैठक रखी गई थी। संगठन के नेता श्रीनगर से दिल्ली चलने वाली बस को अपने साथ कोटद्वार ले गए। मौजूदा समय में श्रीनगर से केवल एक बस ही दिल्ली चल रही है। जबकि इस रूट की चार बसों को चार धाम यात्रा में लगाया गया है। यात्रियों ने इस बस के टिकट भी ऑनलाइन बुक करा रखे थे। डिपो से यह बस रोजाना आठ बजे दिल्ली रवाना होती है।
शनिवार को यात्री बस अड्डे पहुंचे। लेकिन काफी देर तक इंतजार के बाद भी बस डिपो में नहीं पहुंची। जिस पर यात्रियों का पारा हाई हो गया। उन्होंने पूछताछ केंद्र से जानकारी मांगी तो पता चला कि एक संगठन के नेता बस को कोटद्वार ले गए हैं। इसके बाद यात्री किसी तरह प्राइवेट साधनों के जरिये ऋषिकेश पहुंचे और बस पकड़कर दिल्ली के लिए रवाना हुए। वहीं, मामले की शिकायत मुख्यालय पहुंची। महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन ने मामले के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद की बैठक में शामिल होने के लिए कुछ कर्मचारी बस को कोटद्वार ले गए हैं। जिस पर उन्होंने मामले में जांच बैठाते हुए श्रीनगर डिपो की एजीएम पूजा जोशी से जवाब मांगा है।