ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर।
केंद्र में भाजपा के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत वाली सरकार के गठन का रास्ता साफ होने के साथ ही लोगों को नई सरकार से काफी उम्मीदें हैं। जहां एक ओर नई सरकार का जनता स्वागत कर रही है, वहीं लोगों की कई अपेक्षाएं भी हैं। आम आदमी महंगाई पर नियंत्रण के साथ ही रोजगार के नए अवसर चाहता है। साथ ही राष्ट्रीय मसलों पर स्पष्ट नीति और ठोस कार्रवाई भी लोगों की प्राथमिकता में शामिल है। हालांकि, यह तो वक्त ही बताएगा कि नई सरकार जनता की अपेक्षाओं पर कितनी खरी उतरती है।
----
नई सरकार से भ्रष्टाचार पर जीरों टोलरेंस की नीति को बनाए रखने और कामकाज में पारदर्शिता की उम्मीद है। साथ ही सरकारी कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं का समय पर समाधान होना चाहिए। केंद्र और प्रदेश में एक ही दल की सरकार होने से कर्मचारियों के हितों में फैसले लेने और सरकारी नीतियों को शीघ्र लागू करने में सहूलियत होगी। - योगेंद्र नेगी, शिक्षक
----
नई सरकार को गठन के बाद पहला काम रसोई गैस की कीमतों में कमी लाने का करना होगा। साथ ही दाल, सब्जी की बढ़ी कीमतों को भी नियंत्रित किया जाना चाहिए। -पूनम अरोड़ा, गृहणी
----
नई सरकार से अपेक्षा है कि शीघ्र ही रोजगार के अवसर मुहैया कराए जाएं, जिससे आम आदमी को जिंदगी जीना आसान हो जाए। साथ ही आतंकवाद का पूर्ण सफाया और जम्मू-कश्मीर के मुद्दे का स्थाई समाधान होना चाहिए। इमेज बिल्डिंग के बजाय धरातल पर कार्य होना चाहिए। -अनुराग सिंह, स्थानीय युवा
----
खेती और किसान के लिए सुविधाएं मुहैया होनी चाहिए। उत्पादों का समर्थन मूल्य इस तरह से निर्धारित किया जाना चाहिए, जिससे किसानों को उसकी मेहनत के अनुरूप लाभ मिल सके। एमएसपी व्यवस्था और किसानों को ऋण का ढांचा छोटे किसानों के अनुरूप होना चाहिए। -रमेश सैनी, किसान
----
पिछली केंद्र सरकार के कार्यकाल में बेतहाशा राजस्व नीति और इंस्पेक्टरी राज से व्यापारी वर्ग सर्वाधिक प्रभावित हुआ। देश के व्यापार और जनता के हित में आर्थिक नीतियों का सरलीकरण किए जाने की आवश्यकता है। - राजकुमार जैन, व्यापारी