ब्यूरो/अमर उजाला।
देहरादून। पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू होते ही व्यवस्था दगा दे गई। सर्विस वोटरों के पोस्टल बैलेट के सत्यापन की व्यवस्था ईटीपीबीएस (इलेक्ट्रोनिक ट्रांसमिटेड पोस्टल बैलेट सिस्टम) का सर्वर ठप हो गया। जिसकी वजह से पहले घंटों तक गणना नहीं हो पाई। उसके बाद बैलेट को सामान्य पोस्टल बैलेट के साथ गिनना पड़ा। इससे चार घंटे का काम 12 घंटे में हो पाया।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में टिहरी, उत्तरकाशी और देहरादून के सर्विस वोटरों की गिनती होनी थी। इन वोटरों की संख्या करीब सात हजार है। ईटीपीबीएस के माध्यम से इन पोस्टल बैलेट के स्कैन कोड तीन बार कंप्यूटर से स्कैन होने थे। उसके बाद ही सत्यापित होता कि बैलेट सही है या नहीं। लेकिन, जैसे ही मतगणना शुरू हुई और बैलेट बंडलों को कंप्यूटर के सामने लाया गया सर्वर जवाब दे गया। सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक कर्मचारी सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे, लेकिन फिर जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर इन बैलेट को सामान्य पोस्टल बैलेट के साथ ही रखकर हाथ से गिना गया। ईटीपीबीएस से जहां एक पोस्टल बैलेट को गिनने में तीन से चार मिनट का समय लगना था वहीं हाथ से गिनने पर इसमें 10 से 15 मिनट का समय लगा। इसके चलते परिणामों को भी देर रात घोषित किया जा सका।