ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर डेस्टिनी क्रिकेट एकेडमी ने बृहस्पतिवार को आसान जीत दर्ज की। दूसरी अखिल भारतीय टी-20 चैंपियंस ट्रॉफी में डीसीए ने लक्ष्मी स्पोर्ट्स को चार विकेट से हराकर पूरे अंक हासिल किए।
प्रेमनगर स्थित रामराज क्रिकेट एकेडमी मैदान में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लक्ष्मी स्पोर्ट्स की पूरी टीम 18 ओवर में 79 रनों पर ढेर हो गई। प्रथम 24, मनीष 14 और आशीष 13 के अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई की संख्या तक नहीं पहुंच पाया। डीसीए के रजत ने आठ रन देकर चार और निशांत ने 12 रन देकर चार विकेट चटकाए। डेस्टिनी क्रिकेट एकेडमी ने जवाब में खेलते हुए 13 ओवर में छह विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। रजत ने नाबाद 25, दीपांकर ने 15 और अमन ने 14 रन बनाए। लक्ष्मी स्पोर्ट्स के शिवम ने तीन विकेट चटकाए।