रोमांचक मुकाबले में पूर्वोत्तर रेलवे की शानदार जीत
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। रोमांचक मुकाबले में पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर ने यूपीसीए को चार विकेट से हरा दिया। यूपीसीए के 335 रनों के जवाब में पूर्वोत्तर रेलवे ने एक ओवर पहले ही जीत हासिल कर ली। जबकि दूसरे मुकाबले में देना बैंक ने विनय मीणा और चेतन बिष्ट के शानदार प्रदर्शन के दम पर डीएएससीबी दिल्ली को छह विकेट से हराया।
बुधवार को रेंजर्स मैदान में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपीसीए की टीम ने निर्धारित 45 ओवर में नौ विकेट खोकर 335 रन बनाए। ओपनर माधव कौशिक ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 105 गेंदों में 17 चौकों व चार छक्कों की मदद से 130 रनों की पारी खेली। संदीप तोमर ने 60, करन शर्मा ने 38, समीर चौधरी ने 32 और समर्थ सिंह ने 30 रन बनाए। पूर्वोत्तर रेलवे के निशांत राई ने चार और उपेंद्र यादव ने दो विकेट चटकाए।
लक्ष्य का पीछा करने उतर रेलवे टीम को ओपनर आशीष यादव और अवनीश सिंह ने ठोस शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 16.2 ओवर में 120 रन जोड़े। आशीष ने 82 और अवनीश सिंह ने 53 रन बनाए। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे उपेंद्र यादव ने 73 गेंदों में पांच चौकों व छह छक्कों की मदद से 94 रनों की पारी खेली। मनजीत ने नाबाद 40 रन बनाकर टीम को एक ओवर पहले जीत दिला दी। यूपीसीए के समीर चौधरी ने दो विकेट चटकाए।
उधर तनुष क्रिकेट एकेडमी मैदान में खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए डीएएससीबी दिल्ली की टीम ने निर्धारित 40 ओवर में आठ विकेट खोकर 269 रन बनाए। नमन शर्मा व मुर्तजा अली ने 49-49, अरीश आलम ने 44, चरणजीत सिंह ने 42 और दीपक ने 35 रन बनाए। देना बैंक के विनय मीणा ने चार विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी देना बैंक की टीम ने 32.1 ओवर में चार विकेट खोकर आसान जीत हासिल कर ली। ओपनर चेतन बिष्ट ने 87 गेंदों में 120 और राहुल दलाल ने 65 गेंदों में 111 रनों की शानदार पारी खेली। डीएएससीबी के अमर चौधरी ने दो विकेट चटकाए।