देना बैंक और डीएएससीबी की शानदार जीत
ब्यूरो/अमर उजाला
देहरादून। गोल्ड कप प्रतियोगिता में मंगलवार को देना बैंक और डीएएससीबी ने अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। देना बैंक ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) को 153 रन और डीएएससीबी दिल्ली ने उत्तर रेलवे गोरखपुर को तीन विकेट से शिकस्त दी।
मंगलवार को रेंजर्स मैदान में पहले बल्लेबाजी करते हुए देना बैंक की पूरी टीम 42.4 ओवर में 318 रन बनाकर ढेर हो गई। राहुल दलाल ने 122, चेतन बिष्ट ने 46 और जोंटी सिद्धू ने 32 रन बनाए। यूपीसीए के योगेंद्र और मोहित ने तीन-तीन व अंकित चौधरी ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपीसीए की टीम 27.1 ओवर में कुल 165 रनों पर सिमट गई। अंकित चौधरी ने सर्वाधिक 38 व संदीप तोमर ने 31 रन बनाए। देना बैंक के विनय मीणा ने 48 रन देकर चार और शिवांक वशिष्ठ ने तीन विकेट लिए।
तनुष क्रिकेट एकेडमी मैदान पर खेले गए दूसरे मुकाबले में उत्तर रेलवे ने पहले खेलते हुए 40 ओवर में छह विकेट खोकर 271 रन बनाए। उपेंद्र यादव ने 136 और आशीष यादव व युवराज सिंह ने 28-28 रन बनाए। डीएएससीबी दिल्ली के सुबोध भाटी ने तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएएससीबी की 39.1 ओवर में सात विकेट खोकर आसान जीत हासिल कर ली। दीपक ने 69 व चरनजीत सिंह ने 53 रन बनाए।