ब्यूरो/अमर उजाला, विकासनगर
आशा राम वैदिक इंटर कॉलेज में शुक्रवार को 29 यूके बटालियन एनसीसी की ओर से संचालित जूनियर डिवीजन एनसीसी यूनिट में कैडेट्स को रैंक प्रदान किए गए। इसमें शंकर थापा और सपना खारका को सार्जेंट का रैंक दिया गया।
रैंक चयन के लिए हुई प्रतियोगिताओं से पूर्व कैडेटस ने मार्च पास्ट कर सलामी दी। एनसीसी थर्ड अधिकारी विभा ने कहा कि एनसीसी कैडेट के जीवन में एकता और अनुशासन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अनुशासन का हमारे जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। जीवन में वही व्यक्ति सफल होते हैं जो अनुशासित जीवन जीते हैं। प्रतियोगिताओं के आधार पर विपिन, करन सप्पल, गगन, दिव्या को कारपोरल का रैंक मिला। लांस कारपोरल के लिए दीपक थापा, कपिल चौहान, सुहैल अली, बुशरा रहमानी, साक्षी और सपना वर्मा का चयन किया गया।
एनसीसी अधिकारी मेजर एसके बिश्नोई ने बताया कि कैंपों के माध्यम से एनसीसी कैडेट्स को एक-दूसरे के साथ रहना, बातचीत करना और अपनी दिनचर्या से अलग माहौल में रहना सिखाया जाता है। उन्होंने कैडेट्स को एनसीसी शिविर में उनकी दिनचर्या के बारे में अवगत कराया और अन्य बातों की जानकारी दी। कहा कि एनसीसी कैडेट्स का दायित्व समाज में फैल रही बुराइयों को दूर करना भी है। इस दौरान प्रधानाचार्य अनिल नेगी, नीरज वर्मा, हवलदार धर्मपाल, हवलदार खेम बहादुर आदि मौजूद रहे।